अंतरमहाविद्यालयी फुटबॉल प्रतियोगिता संपन्न, गाजीपुर की टीम बनी विजेता

बरसठी। क्षेत्र के बेलौनाकला गांव में मर्चेंट नेवी कॉलेज के बगल स्थित खेल मैदान में आयोजित अंतरमहाविद्यालयी फुटबॉल प्रतियोगिता का सोमवार को रोमांचक समापन हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लिया।

प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में राजाराम महाविद्यालय बेलौना एवं मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज जौनपुर की टीमें आमने-सामने रहीं। इस मैच में मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज जौनपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजाराम महाविद्यालय को 4-0 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।

इसके पश्चात फाइनल मुकाबला पीजी कॉलेज गाजीपुर एवं मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज जौनपुर के बीच खेला गया। कड़े संघर्ष और रोमांच से भरपूर इस मुकाबले में गाजीपुर की टीम ने बेहतर तालमेल, अनुशासन एवं रणनीति का परिचय देते हुए 1-0 से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। पूर्वांचल विश्वविद्यालय द्वारा प्रतियोगिता के पर्यवेक्षक के रूप में डॉ. अछेलाल यादव एवं विवेक कुमार को नामित किया गया था। मैच के दौरान फुटबॉल टीम के प्रभारी द्वारा सभी निर्णय पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ लिए गए, जिसकी खिलाड़ियों और दर्शकों ने सराहना की।

आयोजक सचिव सिंटू प्रजापति एवं विवेक मौर्या ने कहा कि खिलाड़ियों ने खेल को खेल भावना के साथ खेला, जो युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। वहीं महाविद्यालय के प्रबंधक अशोक दुबे ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं के आयोजन से क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को इससे प्रेरणा लेनी चाहिए। इस अवसर पर राजाराम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेन्द्र उपाध्याय, प्राथमिक शिक्षक संघ यूटा के अध्यक्ष संतलाल गौतम सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट