प्रभाग 11 में सपा पैनल की रैली नहीं,जनसैलाब का रेला

हजारों मतदाता सड़कों पर उतरे, साइकिल निशान का किया खुलकर प्रचार


भिवंडी। भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका चुनाव के मद्देनजर प्रभाग क्रमांक 11 में समाजवादी पार्टी (सपा) का जनाधार लगातार मजबूत होता नजर आ रहा है। शनिवार को प्रभाग 11 ‘अ’ से सपा उम्मीदवार सुरेश कृष्णा भगत (एस.के.) ने अपने पैनल के साथ जो रैली निकाली, वह महज रैली नहीं बल्कि जनसमर्थन का “रेला” साबित हुई। हजारों की संख्या में स्थानीय मतदाता सड़कों पर उतर आए और साइकिल निशान के पक्ष में खुलकर प्रचार किया। इस विशाल रैली में सपा उम्मीदवार सुरेश कृष्णा भगत (एस.के.) के साथ उनके पैनल के अन्य उम्मीदवार—वार्ड (ब) से अंसारी शमीम बानों मोहम्मद आसिफ, वार्ड (क) से शेख अरशिया निखत शफीक हुसैन उर्फ शफीक बाबू और वार्ड (ड) से हसीब शेर खान—एकजुट नजर आए। पूरे प्रभाग में निकली इस रैली के दौरान सपा नेताओं ने नागरिकों से सीधे संवाद कर पार्टी की नीतियों, सामाजिक न्याय और विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से रखा।

रैली के दौरान स्थानीय नागरिकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। जगह-जगह सपा पैनल का स्वागत किया गया और “समाजवादी पार्टी जिंदाबाद” तथा “ अबु हासिम आज़मी आगे बढ़े” जैसे नारों से इलाका गूंज उठा। बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की मौजूदगी ने यह साफ संकेत दिया कि प्रभाग 11 में सपा पैनल को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। यह रैली किदवई नगर स्थित वार्ड (ड) के उम्मीदवार हसीब शेर खान के चुनावी कार्यालय से शुरू होकर प्रभाग के विभिन्न हिस्सों से गुजरती हुई संपन्न हुई। रैली के बाद बातचीत में सुरेश कृष्णा भगत (एस.के.) ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा आम जनता की आवाज को मजबूती से उठाया है और यही वजह है कि लोग खुद-ब-खुद सपा के साथ जुड़ रहे हैं। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे सपा के साइकिल चिन्ह पर वोट देकर पैनल को विजयी बनाएं। प्रभाग 11 में चुनावी मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है। कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट), रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (एकतावादी) और लोक हिंद पार्टी के उम्मीदवार भी जोर-शोर से प्रचार में जुटे हैं। इसके बावजूद जिस तरह से सपा पैनल को जनसमर्थन मिल रहा है, उसने अन्य दलों की चिंता बढ़ा दी है।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सुरेश कृष्णा भगत (एस.के.) और उनके पैनल की एकजुटता, जमीनी पकड़ और साफ छवि ही सपा की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी है। जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है, प्रभाग 11 में समाजवादी पार्टी का माहौल और मजबूत होता जा रहा है, जिससे सपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट