खार्डी गांव में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

 4.32 लाख रुपये की अवैध शराब नष्ट

खाड़ी किनारे चल रही भट्टी पर छापा आरोपी फरार


भिवंडी। ठाणे ग्रामीण पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा ने भिवंडी तालुका के खार्डी गांव में अवैध शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए खाड़ी किनारे चल रही एक देशी शराब की भट्टी को ध्वस्त किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने करीब 4 लाख 32 हजार 700 रुपये मूल्य का कच्चा माल और तैयार शराब जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दी। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि खार्डी गांव की खाड़ी के पास झाड़ियों और दलदली इलाके में विजय काशीनाथ तागडी नामक व्यक्ति अवैध रूप से गांवठी शराब तैयार कर रहा है। सूचना के आधार पर स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। भट्टी तक पहुंचने के लिए कोई सीधा रास्ता न होने के कारण पुलिस कर्मियों को खाड़ी का कीचड़ और पानी पार कर जान जोखिम में डालते हुए मौके तक पहुंचना पड़ा। पुलिस की दबिश की भनक लगते ही आरोपी विजय तागडी घनी झाड़ियों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। छापेमारी के दौरान पुलिस को कुल 46 प्लास्टिक ड्रम बरामद हुए, जिनमें गुड़ और नवसादर मिश्रित करीब 9,200 लीटर कच्चा माल भरा हुआ था। इसके अलावा प्रत्येक ड्रम से करीब 35 लीटर तैयार कच्ची शराब भी मिली। पुलिस ने बरामद किए गए पूरे कच्चे माल और शराब को जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया। फरार आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र शराबबंदी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। भिवंडी तालुका पुलिस आगे की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट