गुस्से में घर से निकले तीन नाबालिग बालक एक अन्य साथी संग सकुशल बरामद
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Jan 10, 2026
- 188 views
बरसठी, जौनपुर। गुस्से में घर से बिना बताए निकले तीन नाबालिग बालकों को उनके एक अन्य साथी के साथ बरसठी पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। सभी बालक ग्राम पाली, थाना बरसठी, जनपद जौनपुर के निवासी हैं। पुलिस की सक्रियता से परिजनों ने राहत की सांस ली।
दिनांक 09 जनवरी 2026 को वादी मुकदमा हवलदार गौतम पुत्र स्व. रामचरन गौतम, निवासी ग्राम पाली, थाना बरसठी द्वारा थाना स्थानीय पर सूचना दी गई कि दिनांक 09.01.2026 को सायं लगभग 6:30 बजे उनके पोते रामकिसन गौतम (उम्र करीब 13 वर्ष) अपने साथियों आनंद गौतम (उम्र करीब 14 वर्ष) एवं छोटू गौतम (उम्र करीब 14 वर्ष) के साथ बिना बताए घर से कहीं चले गए हैं। इस संबंध में थाना बरसठी पर तहरीर दी गई, जिसके आधार पर मु.अ.सं. 0004/2026, धारा 137(2) बीएनएस बनाम अज्ञात पंजीकृत किया गया।
मामले के पंजीकरण के बाद पुलिस ने तत्काल खोजबीन शुरू की। इसी क्रम में दिनांक 10 जनवरी 2026 को कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक अम्ब्रीश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव, हेड कांस्टेबल यादवेन्द्र यादव एवं कांस्टेबल शेरबहादुर यादव की टीम ने मुखबिर की सूचना पर बरसठी रेलवे स्टेशन से मुकदमे में नामित तीनों बालकों—रामकिसन गौतम पुत्र शिवराम गौतम (13 वर्ष), आनंद गौतम पुत्र टुनटुन गौतम (14 वर्ष), छोटू गौतम पुत्र जगरनाथ गौतम (14 वर्ष)—के साथ उनके एक अन्य साथी अरुण गौतम पुत्र स्व. उदयराज गौतम (12 वर्ष) को सकुशल बरामद कर लिया। सभी बरामद बालक ग्राम पाली, थाना बरसठी, जनपद जौनपुर के निवासी हैं।
पुलिस पूछताछ में बरामद बालकों ने बताया कि वे घर पर लगे पतरे पर चढ़कर खेल रहे थे। इसी दौरान घरवालों द्वारा डांट दिए जाने से नाराज होकर वे गुस्से में घर से निकल गए और ट्रेन पकड़कर जौनपुर चले गए। बाद में वापस लौटते समय जब वे बरसठी रेलवे स्टेशन पहुंचे, तभी पुलिस ने उन्हें बरामद कर थाना ले आई। बालकों ने स्पष्ट किया कि उन्हें किसी ने भगाया नहीं था और वे अपनी मर्जी से घर से गए थे।
पुलिस द्वारा सभी आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए परिजनों को सूचना दी गई। बच्चों के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।


रिपोर्टर