भिवंडी में चुनाव से पहले हथियारों की दस्तक

देशी बंदूक के साथ युवक गिरफ्तार


भिवंडी। चुनावी माहौल के बीच भिवंडी में पुलिस ने एक बार फिर अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए देशी बंदूक और जिंदा कारतूस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है जब मनपा चुनाव को लेकर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, नालापार इलाके के खुले मैदान के पास देर रात गश्त के दौरान एक युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह घबराया और भागने की कोशिश करने लगा। संदेह के आधार पर जब उसे रोका गया और तलाशी ली गई, तो उसके पास से एक देशी बंदूक और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। हथियार रखने का उसके पास कोई वैध लाइसेंस नहीं था।गिरफ्तार युवक की पहचान अकरम इफ्तेखार खान (30) के रूप में हुई है, जो भिवंडी का ही रहने वाला बताया जा रहा है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बेरोजगार है और चुनावी माहौल में किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में हो सकता था। हालांकि पुलिस इस पहलू की गहन जांच कर रही है कि हथियार कहां से लाया गया और इसके पीछे कोई संगठित गिरोह या राजनीतिक कनेक्शन तो नहीं है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय हथियार अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही, चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत लागू प्रतिबंधात्मक आदेशों के उल्लंघन का भी केस जोड़ा गया है।‌वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध हथियारों पर सख्त नजर रखी जा रही है और शहर के संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त बढ़ा दी गई है।फिलहाल आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस युवक का पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड है और क्या चुनावी रंजिश या दबाव में वह हथियार लेकर घूम रहा था।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट