उधार समोसा देने से इनकार पर चली गोलियां 16 गिरफ्तार, आधा दर्जन घायल
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Dec 29, 2025
- 48 views
रोहतास। जिले के कोचस थाना क्षेत्र अंतर्गत अमैसिडिहरा गांव में रविवार रात एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। नाश्ते की दुकान पर समोसा उधार न देने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और गोलीबारी में बदल गया।
घटना में दोनों पक्षों से लगभग छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ को गोली के छर्रे लगने की पुष्टि हुई है। सभी घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार रात एक ग्राहक नाश्ते की दुकान पर समोसा लेने पहुंचा था। दुकानदार द्वारा उधार देने से इनकार किए जाने पर ग्राहक भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
विवाद बढ़ने पर ग्राहक पक्ष के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और स्थिति बिगड़ते हुए फायरिंग तक पहुंच गई।
सूचना मिलते ही कोचस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर कार्रवाई करते हुए अब तक 16 लोगों को गिरफ्तार किया है।
कोचस थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


रिपोर्टर