भिवंडी में नौकरी व हेवी डिपॉजिट पर घर दिलाने के नाम पर ठगी, होटल में बुलाकर 3.20 लाख रुपये ऐंठे
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Dec 27, 2025
- 196 views
भिवंडी। भिवंडी शहर में नौकरी दिलाने व हेवी डिपॉजिट पर घर दिलाने के नाम पर 3.20 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में भोईवाड़ा पुलिस थाने में दो आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है।
भोईवाड़ा पुलिस के अनुसार भिवंडी के नारपोली इलाके में रहने वाले अजीम अहमद जमाल अहमद सिद्दीकी (36) को रोजगार की तलाश थी। इसी दौरान उसे असारी कलीम रईस अहमद और करण रामप्रकाश गुप्ता ने उन्हें हेवी सिक्योरिटी डिपॉजिट पर फ्लैट दिलाने और उसमें काम उपलब्ध कराने का झांसा दिया।आरोप है कि अगस्त 2024 में आरोपियों ने शिकायतकर्ता को भिवंडी में साहिल होटल में मिलने के लिए बुलाया। वहां आरोपियों ने बताया कि करण गुप्ता के नाम पर अल हारून अपार्टमेंट, फ्लैट नंबर 401 उपलब्ध है और उसे हेवी सिक्योरिटी डिपॉजिट पर दिया जाएगा। इस बात पर भरोसा कर शिकायतकर्ता ने 3 लाख 20 हजार रुपये आरोपियों को दे दिए।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने इसी तरह 4 से 5 अन्य लोगों को भी फ्लैट और नौकरी दिलाने के नाम पर ठगा है। पैसे लेने के बाद न तो फ्लैट दिया गया और न ही कोई काम उपलब्ध कराया गया। जब शिकायतकर्ता ने रकम वापस मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगे।जिसके बाद उसने थक हार कर भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन में दोनों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कराया है।जिनकी तलाश में पुलिस सरगर्मी से जुट गई है।


रिपोर्टर