भिवंडी मनपा चुनाव में आम आदमी पार्टी की एंट्री, दिल्ली मॉडल पर विकास का दावा
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Dec 25, 2025
- 122 views
घरपट्टी हाफ और नलपट्टी माफ , बाकाया पूरा माफ - मस़ीह इकबाल
भिवंडी। भिवंडी शहर के हालात लगातार बद से बदतर होते जा रहे हैं। वर्षों से एक ही पार्टी के महापौर रहने के कारण शहर में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति गंभीर बनी हुई है। इन हालातों के बीच आम आदमी पार्टी (आप) ने आगामी भिवंडी महानगरपालिका चुनाव पहली बार लड़ने का ऐलान किया है। पार्टी के भिवंडी शहर अध्यक्ष मसीह इकबाल ने कहा कि करीब 500 करोड़ रुपये के वार्षिक बजट के बावजूद शहर का अपेक्षित विकास नहीं हो पाया है। मसीह इकबाल ने बताया कि आम आदमी पार्टी भिवंडी में दिल्ली मॉडल पर विकास करेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में 950 मोहल्ला क्लीनिक संचालित हो रहे हैं, जहां इलाज पूरी तरह निशुल्क है। इसी तर्ज पर भिवंडी के हर वार्ड में मोहल्ला क्लीनिक खोले जाएंगे, जिससे आम नागरिकों को बेहतर और सस्ती स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगभग 5,000 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके। इसके साथ ही नागरिकों को डोर-टू-डोर सेवाएं देने की योजना है, जिससे महानगरपालिका से जुड़े काम घर बैठे पूरे हो सकें। शिक्षा के क्षेत्र में भी आम आदमी पार्टी ने बड़े बदलाव का दावा किया है। मसीह इकबाल ने कहा कि मनपा स्कूलों की हालत सुधारी जाएगी और भिवंडी में शिक्षा पूरी तरह मुफ्त होगी। उन्होंने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी द्वारा संचालित स्कूलों का निरीक्षण स्वयं अरविंद केजरीवाल की पत्नी द्वारा किया गया है। करों को लेकर जनता को राहत देने का वादा करते हुए उन्होंने कहा कि घरपट्टी हाफ और नलपट्टी माफ की जाएगी तथा पुराना बकाया पूरी तरह से खत्म किया जाएगा। हाल ही में महाराष्ट्र में हुए नगर निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी को 105 सीटें मिलने का दावा भी किया गया।
उन्होंने बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल और राज्यसभा सांसद संजय सिंह के भिवंडी आने की संभावना है। फिलहाल मनपा चुनाव के लिए पार्टी को 25 से 27 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इस मौके पर पूर्व नगरसेवक मुमताज अंसारी, एडवोकेट विनोद टक्कर हनुमंत जाधव, एडवोकेट डॉ. नूर नदब सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। नागरिकों से संपर्क के लिए 9322224787 नंबर जारी किया गया है।


रिपोर्टर