भिवंडी मनपा चुनाव में नामांकन प्रक्रिया तेज, पहले ही दिन 496 फॉर्मों की बिक्री

भिवंडी। भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका की सार्वत्रिक चुनाव 2025-26 की प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद नामांकन फॉर्मों की बिक्री शुरू हो चुकी है। 23 दिसंबर 2025 को पहले ही दिन कुल 496 नामांकन फॉर्मों की बिक्री दर्ज की गई है, जबकि एक भी नामांकन दाखिल नहीं किया गया है।

मनपा प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, भिवंडी मनपा क्षेत्र में सात निर्वाचन निर्णय अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इन्हीं अधिकारियों के माध्यम से नामांकन फॉर्मों की बिक्री की जा रही है। पहले दिन सबसे अधिक 133 नामांकन फॉर्म निर्वाचन निर्णय अधिकारी क्रमांक 3 के कार्यालय से बेचे गए।

आंकड़ों के अनुसार, निर्वाचन निर्णय अधिकारी क्रमांक 1 के यहां 28, क्रमांक 2 के यहां 54, क्रमांक 3 के यहां 133, क्रमांक 4 के यहां 83, क्रमांक 5 के यहां 80, क्रमांक 6 के यहां 78 और क्रमांक 7 के यहां 40 नामांकन फॉर्मों की बिक्री हुई। सभी केंद्रों पर नामांकन फॉर्म दाखिल करने की संख्या शून्य रही।

मनपा चुनाव को लेकर शहर के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। विभिन्न राजनीतिक दलों के संभावित उम्मीदवारों ने फॉर्म खरीदकर अपनी दावेदारी मजबूत करने की कोशिश शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक किसी भी प्रत्याशी ने औपचारिक रूप से नामांकन दाखिल नहीं किया है।

चुनाव विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आगामी दिनों में नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया में तेजी आने की संभावना है। जैसे-जैसे अंतिम तारीख नजदीक आएगी, उम्मीदवारों और समर्थकों की भीड़ नामांकन केंद्रों पर बढ़ने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि भिवंडी मनपा चुनाव को लेकर इस बार राजनीतिक समीकरण बदले हुए नजर आ रहे हैं। कई पूर्व नगरसेवकों और नए चेहरों के मैदान में उतरने की चर्चा है। ऐसे में नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही चुनावी तस्वीर स्पष्ट हो पाएगी। मनपा प्रशासन ने सभी निर्वाचन केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं कर दी हैं और शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए तैयारियों का दावा किया है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट