सरकार विकास आयुक्त डीएम के साथ की जांच


रोहतास। बिहार सरकार के विकास आयुक्त, मिहिर कुमार जिला पदाधिकारी उदिता सिंह के साथ अकोढ़ीगोला प्रखंड के विभिन्न विभागों से संबंधित स्थलों का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पशुपालन से जुड़े विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का आकलन करना तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना है। निरीक्षण के दौरान विकास आयुक्त ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। विकास आयुक्त द्वारा प्रेमनगर हाई स्कूल,अकोढ़ीगोला का भी निरीक्षण किया गया। विद्यालय परिसर में उन्होंने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद स्थापित किया और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें अनुशासन,नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन तथा स्पष्ट लक्ष्य निर्धारण के महत्व से अवगत कराया। इस अवसर पर विकास आयुक्त ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर आईएएस तक के सफर के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को प्रेरक टिप्स दिये, जिससे छात्रों में विशेष उत्साह एवं आत्मविश्वास का संचार हुआ। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाचार्य से शैक्षणिक गतिविधियों एवं विद्यालय के समग्र विकास से संबंधित जानकारियाँ प्राप्त की। विकास आयुक्त ने विद्यालय में शैक्षणिक वातावरण को और सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिये । इस मौके पर विद्यार्थियों के बीच पाठ्य सामग्री का वितरण किया गया, जिससे छात्र-छात्राओं में खुशी देखी गयी। तत्पश्चात् विकास आयुक्त ने प्रेम नगर हाई स्कूल के लिए भूमि दान करने वाले दाता की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। फिर विकास आयुक्त द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य उपकेन्द्र, अकोढ़ीगोला का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उनके द्वारा स्वास्थ्य उपकेंद्र में उपलब्ध दवाओं की स्थिति,साफ-सफाई,मरीजों को दी जा रही चिकित्सीय-सेवाओं तथा पल्स पोलियो अभियान की प्रगति की जानकारी प्राप्त की गयी। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाये रखने,दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आम नागरिकों को समयबद्ध एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधायें प्रदान करने के निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिये।

निरीक्षण के क्रम में विकास आयुक्त ने पशुपालन विभाग,अकोढ़ीगोला का भी भ्रमण किया। इस दौरान विभागीय गतिविधियों,पशुपालकों को दी जा रही सुविधाओं एवं योजनाओं की जानकारी ली गयी। उनके द्वारा प्रखंड कार्यालय,अकोढ़ीगोला का निरीक्षण करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी, विभागों के वरीय एवं स्थानीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। विकास आयुक्त द्वारा सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक ससमय तथा पारदर्शी तरीके से पहुँचाने का निर्देश दिया गया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट