2 करोड़ के चावल ठगी में तीन गिरफ्तार 11 नामजद


रोहतास। जिले के नटवार थाना क्षेत्र में एफसीआई (भारतीय खाद्य निगम) से चावल दिलाने के नाम पर करीब दो करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में गोपालगंज के एक राजद नेता प्रदीप देव समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

इस मामले का खुलासा तब हुआ, जब पटना निवासी पंकज कुमार सिंह ने नटवार थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने सरकारी एफसीआई गोदाम से चावल उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाकर उनसे अलग-अलग किश्तों में कुल 1 करोड़ 98 लाख रुपये ले लिए।

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी प्रदीप देव खुद को राजद के अति पिछड़ा प्रकोष्ठ का प्रदेश उपाध्यक्ष बताकर पीड़ित का भरोसा जीतने में सफल रहा। आरोप है कि राजनीतिक पहचान और संपर्कों का हवाला देकर इस पूरे सौदे को विश्वसनीय बनाने की कोशिश की गई।

शिकायतकर्ता का कहना है कि लंबे समय तक आश्वासन मिलने के बावजूद न तो चावल की आपूर्ति हुई और न ही रकम वापस की गई। जब लगातार दबाव बनाया गया, तब यह स्पष्ट हो गया कि यह एक पूर्व नियोजित धोखाधड़ी थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नटवार थाना पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की। गोपालगंज में छापेमारी कर मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। बिक्रमगंज के एएसपी संकेत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में एफसीआई से चावल दिलाने का दावा पूरी तरह फर्जी पाया गया है।

पुलिस ने इस केस में कुल 11 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है। अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि इस ठगी के पीछे कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि इस कथित ठगी का दायरा कितना बड़ा है और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट