सात विधानसभा में मंगलवार को होगा मतदान
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 10, 2025
- 87 views
डीएम एसपी ने की संयुक्त ब्रीफिंग
रोहतास ।जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों चेनारी, सासाराम, करगहर, दिनारा, नोखा, डिहरी तथा काराकाट में 11 नवंबर को सुबह सात बजे से छः बजे शाम तक वोट डाले जायेंगे। हालाँकि चेनारी के पहाड़ी इलाके में बने कुल 62 मतदान-केंद्रों पर सुबह सात बजे से शाम पाँच बजे तक ही वोट डाले जा सकेंगे, जबकि शेष 362 केंद्रों पर शाम छः बजे तक वोट डाले जायेंगे। उक्त बातें जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी उदिता सिंह ने एक प्रेसवार्ता में कहीं। उन्होंने कहा कि पूरे जिले में आदर्श आचार संहिता लागू है। डीएम ने बताया कि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन मामले में कुल सातों विधानसभा में अब तक 15 प्राथमिकी विभिन्न थानों में दर्ज है। आज शाम से ध्वनि-प्रचार अब बंद हो गया है। अब निर्वाचन-क्षेत्र में कोई भी प्रचार-अभियान नहीं होगा। मतदान समापन समय के साथ समाप्त होने वाले 48 घंटों की अवधि के दौरान किसी भी ध्वनि विस्तारक यंत्र के उपयोग की अनुमति नहीं दी जायेगी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि मतदान के लिए बूथ पर जाने के लिए स्वयं अथवा परिवार के सदस्यों के लिए निजी वाहनों को मतदान केन्द्र के 100 मीटर की दूरी के अंदर अनुमति नहीं दी जायेगी। साथ ही मतदान-केन्द्र के 100 मीटर की दूरी के अंदर केन्द्र या फिर किसी भी सार्वजनिक या निजी स्थान के अंदर कोई प्रचार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि सभी मतदान-केंद्रों से लाईव वेबकास्टिंग की व्यवस्था है। प्रेसवार्ता में आये पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने प्रेस को बताया कि मतदान के दिन असामाजिक तत्त्वों पर पुलिस की पैनी नज़र रहेगी। किसी भी स्थिति में मतदाताओं को प्रभावित करने वाले लोगों को बख्शा नहीं जायेगा, चाहे वे कितना भी प्रभावशाली व्यक्ति क्यों न हो? पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अब तक 21.59 लाख नकद, 38204.16 लीटर शराब, जिसकी कीमत 144.68 लाख है तथा 2000 ग्राम ड्रग्स-गांजा, जिसकी कीमत 4.39 लाख है एवं अन्य 9.12 लाख, अर्थात कुल 179.78 लाख की सामग्री जब्त की गयी है। उन्होंने बताया कि माहौल बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी। पुलिस-प्रशासन ने शांतिपूर्ण माहौल में निर्भीक होकर मतदान करने का मतदाताओं से अपील किया है। प्रेसवार्ता में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी,उप निर्वाचन पदाधिकारी विशेष कार्य पदाधिकारी तथा डीपीआरओ भी उपस्थित रहे।


रिपोर्टर