बिना नंबर प्लेट विधायक स्टीकर लगी कार ने भी मचाई तबाही
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Nov 09, 2025
- 194 views
भिवंडी के उड़ानपुलों पर रफ्तार का कहर
भिवंडी। भिवंडी शहर में बने उड़ानपुलों पर रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रफ्तार नियंत्रण के अभाव में पिछले दो दिनों के भीतर दो भीषण सड़क हादसे हुए, जिनमें कुल पांच लोग घायल हो गए। शहरवासी लगातार हादसों को लेकर प्रशासन से नाराज हैं, लेकिन सुरक्षा उपायों की दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
पहली दुर्घटना स्व.बालासाहब ठाकरे उड़ानपुल पर हुई, जहां बिना नंबर प्लेट और विधायक का स्टीकर लगी एक कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार तीनों युवक — अंकुश तिवारी (21), नीतीश अंबिकानंद (22) और इशांत रमेश जायसवाल (22) — गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कार चालक ने अपनी पहचान छुपाने के लिए गाड़ी की नंबर प्लेट निकाल दी, जबकि कार पर विधायक का लोगो स्टीकर लगा हुआ था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भेजा और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी दुर्घटना स्वं.राजीव गांधी फ्लाईओवर ब्रिज पर हुई, जहां एक तेज रफ्तार ओला कार ने सामने से आ रहे रिक्शे को टक्कर मार दी। हादसे में रिक्शा में सवार महिला तनुजा अर्जुने और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। तनुजा अपने बच्चों को लेकर पुणे जाने के लिए भिवंडी रोड रेलवे स्टेशन जा रही थीं। टक्कर इतनी भीषण थी कि रिक्शा का अगला और साइड का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से तनुजा को वाहन से बाहर निकालकर आईजीएम उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार महिला के पैर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं।दो महीने पहले भी बालासाहब ठाकरे उड़ानपुल पर इसी तरह की दुर्घटना में एक युवक की मौत हो चुकी है। लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं से लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रशासन यदि रफ्तार नियंत्रित करने के लिए उचित उपाय नहीं करेगा, तो यह पुल हादसों का केंद्र बन सकता है।


रिपोर्टर