वंदे मातरम की 150 वीं वर्षगांठ पर एनसीसी का कार्यक्रम


रोहतास। राष्ट्रगीत वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर 42 बिहार बटालियन एनसीसी, सासाराम द्वारा एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन ऐतिहासिक- स्थल शेरशाह सूरी के मकबरे पर किया गया, जिसमें लगभग 275 एनसीसी कैडेट्स ने भाग लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कमांडिंग ऑफिसर कर्नल धर्मेंद्र सिंह मलिक ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 वर्षों की गौरवशाली-यात्रा को सम्मान देना, युवाओं में देशप्रेम की भावना पैदा करना तथा भारतीय सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् भारत माता के प्रति हमारी श्रद्धा और एकता का प्रतीक है। इस गीत को ऐतिहासिक-स्थल पर गाना हम सभी के लिए गर्व की बात है। कार्यक्रम के दौरान पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया,जिसमें कैडेट्स ने देशभक्ति, राष्ट्रगौरव और भारतीय संस्कृति को दर्शाते हुए रचनात्मक पोस्टर प्रस्तुत किये। प्रतियोगिता में कैडेट्स की कलात्मक प्रतिभा और देशप्रेम की भावना स्पष्ट रूप से दिखायी दी। स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने कैडेट्स के अनुशासन एवं रचनात्मकता की सराहना की। यह आयोजन न केवल राष्ट्रगीत के गौरव को पुनः जागृत करने का माध्यम बना, बल्कि युवाओं में देशप्रेम और सांस्कृतिक चेतना को भी प्रबल किया। कार्यक्रम में एनसीसी पदाधिकारी एवं आर्मी स्टाफ भी शामिल रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट