लापरवाह 3 डाक्टरों और 6 कर्मियों के वेतन पर रोक, स्पष्टीकरण तलब


रोहतास ।जिले के नासरीगंज रेफरल अस्पताल के निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन ने बड़ी लापरवाही पकड़ी। बुधवार को किए गए निरीक्षण में कई डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से गायब मिले।

ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए तीन डॉक्टरों और छह स्वास्थ्यकर्मियों के वेतन की निकासी रोक दी गई है। सिविल सर्जन ने सभी से लिखित स्पष्टीकरण मांगा है।

जांच के दौरान सामने आया कि निर्धारित रोस्टर का पालन नहीं हो रहा था। बुधवार को डॉ. मोसरत जहां की ड्यूटी थी, लेकिन उनकी जगह डॉ. अनिल दुबे उपस्थित थे। वहीं आंख रोग विभाग के सहायक कर्मी और टीबी विभाग के स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले। इस पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को कड़ी चेतावनी दी गई।


सिविल सर्जन ने स्पष्ट किया कि मरीजों की सेवा में लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अस्पताल की गंदगी पर भी नाराज़गी जताई और स्वच्छ वातावरण में उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।


निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन ने संस्थागत प्रसव को बढ़ाने और विभागीय योजनाओं के लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था में ढिलाई को सख्ती से रोका जाएगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट