जर्जर इमारत पर चला पालिका का हथौड़ा, कोर्ट का स्थगन आदेश हटते ही शुरू हुई कार्रवाई

भिवंडी। भिवंडी मनपा प्रशासन ने आखिरकार शहर की जर्जर इमारतों पर सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को अंसारी बिल्डिंग पर तोड़क कार्रवाई शुरू कर दी। पालिका आयुक्त अनमोल सागर, अतिरिक्त आयुक्त विठ्ठल डाके और उपायुक्त (अतिक्रमण) विक्रम दराडे के मार्गदर्शन में प्रभाग समिति क्रमांक 1 के सहायक आयुक्त मकसूम शेख के नेतृत्व में यह कार्रवाई अंजाम दी गई,जानकारी के अनुसार, स्कूल नंबर 70 के पीछे स्थित घर नंबर 1492, अंसारी बिल्डिंग पिछले कई वर्षों से जर्जर स्थिति में थी। इस इमारत को लेकर मकान मालिक और जमीन मालिक के बीच बीते दो वर्षों से अदालत में विवाद चल रहा था। कोर्ट से स्थगन आदेश के कारण इस पर कार्रवाई नहीं हो पा रही थी। अब स्थगन आदेश हटने के बाद मनपा ने जेसीबी और हथौड़े की मदद से इमारत का ध्वस्तीकरण शुरू कर दिया है।बताया जा रहा है कि इस इमारत में करीब 56 लोगों का परिवार निवास कर रहा था। हालांकि इमारत के जर्जर होने की जानकारी मिलने के बाद अधिकांश फ्लैट मालिकों ने इसे खाली कर दिया था, परंतु कई किरायेदार अब भी यहां रह रहे थे। इमारत का निचला हिस्सा जमीन में धंस चुका था, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। पालिका प्रशासन ने कई बार नोटिस देकर इमारत खाली करने के निर्देश दिए थे, लेकिन लोगों ने जोखिम उठाते हुए वहीं रहना जारी रखा। अंततः प्रशासन ने लोगों की जान को खतरे से बचाने के लिए यह कार्रवाई की। तोड़क अभियान के दौरान बीट निरीक्षक नितीन जामेकर और रवि जाधव सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल और अतिक्रमण विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन ने साफ किया है कि ऐसी सभी जर्जर इमारतों पर अब बिना किसी दबाव के कार्रवाई जारी रहेगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट