भिवंडी में पुराने विवाद को लेकर तीन भाइयों ने मिलकर की दोस्त की हत्या
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Oct 05, 2025
- 282 views
दो महिला सहित पांच आरोपी गिरफ्तार
भिवंडी। भिवंडी शहर के शांतिनगर इलाके में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही जगह काम करने और रहने वाले तीन भाइयों ने पुराने विवाद के चलते अपने ही दोस्त की हत्या कर दी।इस मामले में पुलिस दो महिला सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार भिवंडी के शांतिनगर इलाके में रहने वाले तीन भाई हसन महबूब शेख (22), मकबूल महबूब शेख (30) और हुसैन महबूब शेख (28), एक गोदाम में कुली का काम करने जा रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर जिशान अंसारी नामक युवक के बीच तीखी बहस हुई। इसी गुस्से को ध्यान में रखते हुए हसन महबूब शेख, सुल्ताना महबूब शेख, मकबूल महबूब शेख, हुसैन महबूब शेख और अस्मा वाजिद, ज़िशान के घर गए और उसके परिवार के सदस्यों पर लात-घूँसों से हमला कर उसे पीटा गया। जब जीशान दोपहिया वाहन से घर आया और दोपहिया वाहन से उतर रहा था, हसन ने उसे लात मारकर गिरा दिया। लात लगने के कारण गिरने से जीशान की मौत हो गई। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया था। घटना की जानकारी मिलते ही शांतिनगर पुलिस स्टेशन की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में किया और उसको को सरकारी उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया बाद में डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार की शिकायत के आधार पर हसन महबूब शेख, मकबूल महबूब शेख, हुसैन महबूब शेख, सुल्ताना महबूब शेख और असमा वाजिद नाम के पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।


रिपोर्टर