भिवंडी में ज्वेलर्स शॉप से मंगलसूत्र चोरी
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Sep 26, 2025
- 173 views
दो रहस्यमयी महिलाओं की तलाश में पुलिस
भिवंडी। भिवंडी तालुका के कशेली-काल्हेर गांव में ज्वेलर्स शॉप से कीमती मंगलसूत्र चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो संदिग्ध महिलाओं पर शक जताते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार साईं नक्षत्र अपार्टमेंट में स्थित श्री ज्वेलर्स की दुकान से चोरी की यह वारदात 14 सितंबर की शाम हुई। शिकायतकर्ता आनंद छगनलाल सुथार उर्फ सोनार ने बताया कि उस वक्त उनकी बेटी दुकान में मौजूद थी। तभी दो महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचीं और जेवर देखने का बहाना किया। बातचीत के दौरान मौका पाकर उन्होंने एक मंगलसूत्र पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि चोरी का खुलासा उसी समय नहीं हो सका। 25 सितंबर को जब दुकान का स्टॉक मिलान किया गया, तब मंगलसूत्र गायब होने की जानकारी मिली। इसके बाद तुरंत नारपोली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।शिकायत में दर्ज विवरण के मुताबिक, पहली महिला की उम्र 35 से 40 वर्ष बताई गई है, जिसने हरे रंग का पंजाबी ड्रेस पहना था। दूसरी महिला करीब 50 से 55 वर्ष की थी, जिसने सफेद साड़ी और लाल ब्लाउज पहन रखा था। दोनों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपित महिलाओं को पकड़ लिया जाएगा।इस घटना के बाद भिवंडी के सर्राफा व्यापारियों में चिंता का माहौल है। उनका कहना है कि भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। व्यापारियों ने इलाके में गश्त और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।


रिपोर्टर