
भिवंडी में रेजांगला कलश यात्रा का भव्य स्वागत, अहीर रेजीमेंट गठन की उठी मांग
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Aug 24, 2025
- 292 views
यादव समाज ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, दिल्ली तक पहुँचेगी कलश यात्रा
भिवंडी। भिवंडी-नासिक मुंबई महामार्ग स्थित सोनाले के सत्यम पेट्रोल पंप प्रांगण में रविवार को रेजांगला की रज कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। अखिल भारतीय यादव महासभा और यादव संघ मुंबई की भिवंडी शाखा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। यह कलश यात्रा बिहार के छपरा जिले से 13 अप्रैल को शुरू हुई थी। 137 दिनों से निरंतर जारी यह यात्रा झारखंड, बंगाल, उड़ीसा, छत्तीसगढ़, असम, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल से गुजरते हुए महाराष्ट्र पहुंची है। अब यह यात्रा गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब से होती हुई 18 नवंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर समापन होगा।कार्यक्रम में उपस्थित यादव संघ मुंबई के अध्यक्ष अजय सीताराम यादव ने कहा कि 1962 के भारत-चीन युद्ध में रेजांगला की लड़ाई में 120 वीर जवानों ने चीनी सेना को करारा जवाब दिया था, जिनमें से 114 यादव सैनिकों ने मातृभूमि पर बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि यादव समाज का सेना में योगदान अविस्मरणीय है, इसलिए अहीर रेजीमेंट का गठन होना चाहिए। साथ ही उन्होंने जाति जनगणना की आवश्यकता पर भी जोर दिया ताकि समाज की उचित भागीदारी सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर डॉ. बृजेश यादव, पी.डी. यादव, चंद्रभान यादव, एड. राकेश यादव सहित सैकड़ों समाजबंधुओं ने कलश पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को नमन किया।
रिपोर्टर