
भिवंडी मनपा ने शुरू की पुराने पेड़ों की छटाई
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Aug 01, 2025
- 66 views
बरसात में हादसों से बचाव की पहल
भिवंडी। भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका ने मानसून के दौरान संभावित दुर्घटनाओं से बचने के लिए शहर भर में पुराने और कमजोर पेड़ों की छटाई का कार्य शुरू कर दिया है। बीते वर्षों में बरसात और तेज हवाओं के चलते पेड़ों के गिरने की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिससे नागरिकों की सुरक्षा को खतरा पैदा हुआ है। मनपा उद्यान विभाग के अनुसार, अशोकनगर और जूनी महानगरपालिका कार्यालय परिसर जैसे इलाकों में 30 से 40 वर्ष पुराने विशालकाय पेड़ पहले ही गिर चुके हैं। इन घटनाओं को ध्यान में रखते हुए, प्रशासन ने पहले से सतर्कता बरतते हुए जोखिम वाले पेड़ों की छटाई का निर्णय लिया है। शहर के सड़कों के किनारे पुराने पेड़ की छटाई की गई, जहां कर्मचारी ने पेड़ के उन हिस्सों को हटाया जो अत्यधिक झुके हुए और असुरक्षित हो गए थे।
उद्यान विभाग के अधीक्षक एन.एन.संख्ये ने जानकारी दी कि, "बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए पेड़ों की छटाई का विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसके लिए एक हैड्रोलिक वाहन और 6 प्रशिक्षित कामगारों को नियुक्त किया गया है। ये टीम शहर के सभी बड़े और पुराने पेड़ों की छटाई करेगी, जिससे उनका वजन कम हो और गिरने की आशंका न रहे।" उन्होंने आगे बताया कि छटाई के इस अभियान से पेड़ों की सेहत भी सुधरेगी और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी। मनपा का यह कदम शहर में बरसात के दौरान जनहानि और संपत्ति को होने वाले नुकसान को रोकने की दिशा में सराहनीय प्रयास माना जा रहा है। उद्यान विभाग ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने आसपास के ऐसे पेड़ों की जानकारी दें, जो असुरक्षित स्थिति में हैं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
रिपोर्टर