
भिवंडी में विश्व प्रकृति दिवस पर वृक्षदिंडी और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jul 28, 2025
- 68 views
भिवंडी। विश्व प्रकृति दिवस के अवसर पर भिवंडी स्थित पद्मश्री अण्णासाहेब जाधव भारतीय समाज उन्नती मंडल द्वारा संचालित बी.एन.एन. कॉलेज में वृक्षदिंडी और वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण और जैवविविधता के महत्व को रेखांकित करने के उद्देश्य से किया गया। कार्यक्रम में भिवंडी-निजामपूर शहर महानगरपालिका के उप आयुक्त (उद्यान) तथा नियंत्रण अधिकारी बालकृष्ण क्षिरसागर और मुख्य उद्यान अधीक्षक एवं वृक्ष अधिकारी निलेश संखे प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ महाविद्यालय के अध्यक्ष विजय जाधव, प्राचार्या डॉ. सुवर्णा रावल, उपप्राचार्य डॉ. रुपवते, पर्यावरण विभाग के प्राध्यापक सुरेश अहिरे, एनसीसी के प्रभारी सुरेश जाधव और आपदा प्रबंधन विभाग की प्राध्यापिका भारती चौधरी भी कार्यक्रम में उपस्थित थीं।
कार्यक्रम की शुरुआत दीपप्रज्वलन से हुई, जिसके बाद महाविद्यालय के लगभग एक हजार छात्रों ने वृक्षदिंडी में भाग लिया। इस दौरान छात्रों द्वारा पर्यावरण विषय पर चित्रप्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें स्वच्छता, प्रदूषण, वनों की कटाई और प्लास्टिक के दुष्प्रभाव जैसे विषयों को रेखांकित किया गया। मुख्य अतिथि बालकृष्ण क्षिरसागर ने विद्यार्थियों और उपस्थित नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने अपने भाषण में वृक्षों के संरक्षण, जैवविविधता की महत्ता और स्वच्छ पानी की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक के अत्यधिक उपयोग ने पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचाया है, जिसे रोकना समय की मांग है। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने चित्रप्रदर्शनी का निरीक्षण किया और छात्रों द्वारा तैयार किए गए कार्यों की सराहना की। आयोजन के माध्यम से कॉलेज प्रबंधन ने नागरिकों और विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश देने का प्रयास किया।
रिपोर्टर