जनसुराज की गाड़ी के अंदर भारी मात्रा में बंटी-बबली शराब बरामद


रोहतास। जिले के काराकाट थाना क्षेत्र के जोरावरपुर गांव के पास शनिवार की शाम एक बोलेरो और ट्रक की टक्कर में बड़ा खुलासा हुआ। टक्कर के बाद दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए। जब स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो जन सुराज पार्टी के प्रचार पोस्टर से सजी बोलेरो गाड़ी में बड़ी मात्रा में अवैध शराब की खेप पाई गई।


सूचना मिलने पर काराकाट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और बोलेरो, ट्रक तथा उसमें लदी शराब को जब्त कर लिया। बरामद शराब ‘बंटी-बबली’ नामक ब्रांड की बताई जा रही है, जो बाजार में अवैध रूप से बेची जाती है। घटना के समय बोलेरो वाहन जन सुराज पार्टी के पोस्टर से ढंका हुआ था, जिससे यह मामला और भी संवेदनशील हो गया है।


पुलिस अब दोनों वाहनों के कागजातों की जांच कर रही है। बोलेरो के मालिक की पहचान की जा रही है और उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या वाहन का जन सुराज पार्टी से कोई आधिकारिक संबंध है, या सिर्फ राजनीतिक पहचान का दुरुपयोग किया गया है।


घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या राजनीतिक प्रचार सामग्री अब तस्करी जैसे अवैध कार्यों की आड़ बनती जा रही है? पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच प्रक्रिया को तेज कर दिया है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट