
पॉक्सो एक्ट में वांछित वारंटी आरोपी गिरफ्तार
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Jun 15, 2025
- 154 views
घर से दबोचा गया आरोपी, कोर्ट ने जारी किया था गिरफ्तारी वारंट
बरसठी। थाना क्षेत्र के बारी गांव निवासी एक युवक को पॉक्सो एक्ट और मारपीट के मामले में फरार चलने पर पुलिस ने रविवार की सुबह उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। युवक के खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट (NBW) जारी हुआ था। पुलिस ने उसे पकड़कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान अभिषेक चौरसिया पुत्र विजय कुमार चौरसिया (उम्र 25 वर्ष) निवासी बारी गांव, थाना बरसठी के रूप में हुई है। उसके खिलाफ वर्ष 2018 में मुकदमा संख्या SST-49/18, धारा 323, 504 IPC और 7/8 पॉक्सो एक्ट में दर्ज है।
पुलिस अधीक्षक जौनपुर द्वारा चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं के निर्देशन में, थानाध्यक्ष राजेश यादव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक जितेन्द्र बहादुर सिंह व हेड कांस्टेबल पवित्र भूषण तिवारी ने अभियुक्त के घर पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष राजेश यादव ने बताया कि वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी आरोपी को कानून से खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। अभिषेक को रविवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
रिपोर्टर