ट्रक से टकराई तेज रफ्तार बाइक, बारात से लौट रहे चंदौली के दो युवकों की मौके पर ही मौत

संवाददाता अभिषेक तिवारी की रिपोर्ट 

रामगढ़(कैमूर)---- विधानसभा के दुर्गावती थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 19 बिहार-यूपी सीमा पर स्थित कर्मनाशा के पास बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मोहनिया की तरफ एक बारात में शामिल होकर लौट रहे दो युवकों की नई बाइक अनियंत्रित होकर एक ट्रक से जा टकराई। रात करीब 10:35 बजे हुए इस भीषण हादसे में दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के निवासी अभिमन्यु सिंह (पिता- विजय बहादुर सिंह) और उनके साथी प्रिंस सिंह के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बिहार के मोहनिया क्षेत्र की ओर किसी बारात में शामिल होने गए थे। देर रात वे अपनी नई बाइक से वापस अपने घर चंदौली लौट रहे थे, तभी कर्मनाशा के समीप यह दुर्घटना घटित हुई।

80 से 100 की रफ्तार बनी काल

मौके पर मौजूद चश्मदीदों के मुताबिक, बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। प्रत्यक्षदर्शियों का अनुमान है कि हादसे के वक्त बाइक करीब 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही होगी। तेज गति होने के कारण चालक बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका और सीधे ट्रक से जा भिड़ा।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नई बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट