14 नवंबर को आयोजित होने वाले भलुनी महोत्सव की तैयारियों का डीएम एवं एसपी ने लिया जायजा, छठ पूजा की व्यवस्थाओं की भी की समीक्षा


भलुनी महोत्सव के भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन तथा छठ व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश


रोहतास। दिनांक 14 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले भलुनी महोत्सव की तैयारियों एवं लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक, मिस्टर राज द्वारा आज दिनारा प्रखंड अंतर्गत प्रसिद्ध धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थल भलुनी धाम का संयुक्त निरीक्षण किया गया। इस दौरान दोनों वरीय पदाधिकारियों ने महोत्सव के आयोजन तथा छठ पूजा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।


जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि 14 नवंबर को आयोजित होने वाले भलुनी महोत्सव की सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं। महोत्सव को भव्य, आकर्षक एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, आगंतुकों के आवागमन, पार्किंग, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं का समुचित प्रबंध सुनिश्चित किया जाए। महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।


जिलाधिकारी ने कहा कि भलुनी धाम रोहतास जिले का महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थल है। 14 नवंबर को आयोजित होने वाला भलुनी महोत्सव इस स्थल की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्ता को व्यापक पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर है। अतः महोत्सव का आयोजन गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित किया जाए।


इसके साथ ही जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने भलुनी धाम में छठ पूजा की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, संपर्क मार्गों एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी घाटों पर छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण की जाएं। गहरे पानी एवं संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर वहां पर्याप्त बैरिकेडिंग एवं खतरे के संकेतक लगाए जाएं।


पुलिस अधीक्षक, रोहतास श्री राज ने महोत्सव एवं छठ पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन एवं नियमित पुलिस गश्ती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए।


जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि भलुनी महोत्सव एवं छठ पूजा की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए। सभी पदाधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित दायित्वों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।


निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, बिक्रमगंज, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।


जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी पदाधिकारियों को भलुनी महोत्सव एवं छठ पूजा का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट