मां भलुनी धाम महोत्सव व छठ को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने संभाली कमान


सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था की हुई समीक्षा, कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण; अधिकारियों को समय सीमा में तैयारी पूरी करने का निर्देश



रोहतास। मां भलुनी धाम महोत्सव एवं छठ महापर्व के सफल, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसको लेकर जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक एम. राज की संयुक्त अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी बिक्रमगंज दिलीप कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि महोत्सव एवं छठ के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए वाहन पार्किंग, बैरिकेडिंग, पेयजल, प्रकाश, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।डीएम एवं एसपी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी मुस्तैदी से अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा गया।बैठक के बाद डीएम और एसपी ने अधिकारियों के साथ मां भलुनी धाम महोत्सव के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल, वाहन पार्किंग स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान यातायात संचालन, श्रद्धालुओं के आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को आयोजन के दौरान लगातार निगरानी रखने तथा सभी व्यवस्थाएं समय पर दुरुस्त करने को कहा गया।प्रशासन का उद्देश्य मां भलुनी धाम महोत्सव एवं छठ महापर्व में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम माहौल उपलब्ध कराना है। इसके लिए प्रशासनिक एवं पुलिस स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट