उघोग विभाग का प्रस्तावित स्थल का डीएम ने किया निरीक्षण
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 04, 2026
- 4 views
रोहतास।शिवसागर में उद्योग विभाग के लिए प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण का जिलाधिकारी ने किया स्थल निरीक्षण, प्राप्त आपत्तियों के निष्पादन हेतु अधिकारियों को दिए निर्देश
सासाराम, रोहतास। जिले में औद्योगिक विकास को गति देने, नए उद्योगों की स्थापना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों का सृजन करने के उद्देश्य से उद्योग विभाग के लिए प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को लेकर जिलाधिकारी रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा ने शिवसागर अंचल स्थित प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण क्षेत्र का स्थल निरीक्षण किया।
इस दौरान अपर समाहर्ता, रोहतास श्री ललित भूषण रंजन, भूमि सुधार उप समाहर्ता, सासाराम, अंचलाधिकारी, शिवसागर तथा महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र, रोहतास श्री आशीष रंजन उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि उद्योग विभाग के प्रयोजनार्थ उक्त भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया के दौरान संबंधित भूमि के संबंध में विभिन्न आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। प्राप्त आपत्तियों के आलोक में जिलाधिकारी ने स्वयं स्थल पर पहुंचकर भूमि की भौतिक स्थिति, उपलब्ध आधारभूत संरचनाओं एवं अन्य संबंधित पहलुओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से भूमि अधिग्रहण से जुड़े अभिलेखों, प्राप्त आपत्तियों एवं उनके निराकरण की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि प्राप्त सभी आपत्तियों का गंभीरतापूर्वक एवं निष्पक्षता के साथ परीक्षण किया जाए तथा राजस्व अभिलेखों एवं स्थल की वास्तविक स्थिति का समुचित सत्यापन करते हुए स्पष्ट प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए, ताकि सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद अंतिम निर्णय लिया जा सके।
औद्योगिक विकास से जिले को मिलेंगे व्यापक लाभ
जिलाधिकारी ने कहा कि शिवसागर में प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण का प्रमुख उद्देश्य जिले में औद्योगिक विकास को प्रोत्साहित करना तथा नए उद्योगों की स्थापना के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराना है। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यहां नए उद्योगों की स्थापना का मार्ग प्रशस्त होगा, जिससे रोहतास जिले में आर्थिक एवं औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
नए उद्योगों की स्थापना से स्थानीय युवाओं के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इसके अतिरिक्त स्थानीय लोगों को तकनीकी प्रशिक्षण, कौशल विकास तथा स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त हो सकेंगे।
औद्योगिक इकाइयों के विकास से स्थानीय छोटे व्यवसायों, परिवहन, भंडारण, निर्माण, आपूर्ति एवं सेवा क्षेत्र को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय बाजार का विस्तार होगा तथा क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि होगी।
औद्योगिक निवेश बढ़ने से जिले में आधारभूत संरचनाओं के विकास, स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग, उद्यमिता को प्रोत्साहन तथा राजस्व संग्रह में भी सकारात्मक वृद्धि की संभावना है। साथ ही, स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने एवं सहायक उद्योगों के विकास का अवसर मिलेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि रोहतास जिले को औद्योगिक रूप से विकसित करने तथा युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि अधिग्रहण से संबंधित सभी प्रक्रियाओं का निष्पादन पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं निर्धारित कानूनी प्रावधानों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्राप्त आपत्तियों एवं सभी संबंधित तथ्यों का समुचित परीक्षण करने के बाद ही नियमानुसार अंतिम निर्णय लिया जाएगा। औद्योगिक विकास के साथ-साथ संबंधित रैयतों के वैधानिक हितों एवं अधिकारों का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।


रिपोर्टर