तरियानी में भीषण सड़क हादसा, बुलेट सवार दो किशोरों की मौत; पिकअप चालक फरार*


____________

शिवहर। जिले के तरियानी थाना क्षेत्र अंतर्गत खाजेपुर पुल के समीप बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में बुलेट मोटरसाइकिल सवार दो किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई। तरियानी की ओर से आ रही बुलेट मोटरसाइकिल की पिकअप वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक किशोर ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की मौत इलाज के दौरान मुजफ्फरपुर स्थित श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) में हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।


मृतकों की पहचान तरियानी थाना क्षेत्र के सरवरपुर निवासी राजेश कुमार सिंह के 15 वर्षीय पुत्र राज कुमार तथा पोझीया निवासी रवीशंकर कुमार सिंह के 17 वर्षीय पुत्र युवराज कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही तरियानी थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार गुप्ता पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी।


हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दो किशोरों की असमय मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों की भी घटनास्थल पर भीड़ जुट गई।


                      मृतक प्रोफाइल फोटो

तरियानी थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार गुप्ता ने बताया कि सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हुई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उन्होंने बताया कि फरार पिकअप वाहन की पहचान एवं तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस फरार वाहन और उसके चालक का पता लगाने में जुटी हुई है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट