सासाराम में अवैध मिठाई निर्माण इकाई पर छापेमारी,संदिग्ध मिठाई एवं दूध को कराया गया नष्ट


रोहतास।आमजनों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्र के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी, सासाराम द्वारा संयुक्त रूप से छापेमारी एवं जाँच अभियान चलाया गया। इस क्रम में पायलट बाबा आश्रम से सासाराम की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित इलेक्ट्रिक स्कूटी एजेंसी के पीछे अवैध रूप से बड़े पैमाने पर संचालित मिठाई निर्माण इकाई की जाँच की गयी। जाँच के दौरान यहाँ छेना,रसगुल्ला सहित विभिन्न प्रकार की मिठाइयों का निर्माण किया जा रहा था। संबंधित इकाई में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं निर्माण प्रक्रिया को लेकर गंभीर अनियमितताएँ सामने आयीं। जाँच के दौरान संदिग्ध मिठाइयों एवं दूध का नियमानुसार विनष्टीकरण कराया गया। साथ ही बिना वैध खाद्य अनुज्ञप्ति के मिठाई निर्माण किये जाने पर तत्काल रोक लगायी गयी। खाद्य पदार्थों के नमूने भी जाँच हेतु संग्रहित किये गये हैं,जिन्हें प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजा जायेगा। प्रयोगशाला जाँच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जायेगी।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले खाद्य कारोबारियों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जायेगा। जिले में मिलावटी एवं अमानक खाद्य पदार्थों के निर्माण,भंडारण तथा बिक्री के विरुद्ध लगातार जाँच अभियान चलाया जायेगा।

जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा आमजनों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करायें।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट