मां तुतला भवानी महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन, आस्था, संस्कृति और लोक परंपरा का दिखा संगम
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 28, 2026
- 7 views
रोहतास ।जिले के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल मां तुतला भवानी धाम के पार्किंग एरिया में बुधवार को मां तुतला भवानी महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया। पर्यटन विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन, रोहतास के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में आस्था, संस्कृति, संगीत और लोक परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिला।महोत्सव का उद्घाटन विधान परिषद सदस्य श्रीमती निवेदिता सिंह, विधायक सासाराम श्रीमती स्नेहलता, जिलाधिकारी रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रोहतास श्री राज तथा वन प्रमंडल पदाधिकारी रोहतास श्री स्टालिन फिडल कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा मुख्य आकर्षण
महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। प्रसिद्ध लोक गायक दीपक ठाकुर एवं प्रसिद्ध गायिका कल्पना पटवारी ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। उनके गीतों पर दर्शक झूमते नजर आए। वहीं प्रसिद्ध गायक आर्यन बाबू एवं मास्टर विकास ने भी अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।स्थानीय कलाकारों रौनक राज, पुष्प सिंह, प्रवीण कुमार नगिना, गुड्डू कुमार पासवान, निक्की कुमारी, श्वेता सिंह नेहा, सृष्टि लक्ष्मी, काश्वी नात्या, तान्या मौर्या एवं अमरजीत लाल तथा स्थानीय कला जत्था, रोहतास ने भी मनमोहक प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं।योग एवं नृत्य की प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। तिलौथू के छात्र-छात्राओं ने योग की शानदार प्रस्तुति दी। नालंदा के कलाकारों धानवी दहलान, समृद्धि श्रीवास्तव एवं विष्णु शंकर तथा डीएवी पब्लिक स्कूल, कटार की छात्राओं ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां दीं।मां तुतला भवानी धाम रोहतास जिले का प्रमुख धार्मिक एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थल है। इस प्रकार के महोत्सवों के आयोजन से न केवल स्थानीय कला-संस्कृति को मंच मिलता है, बल्कि क्षेत्र के पर्यटन को भी व्यापक पहचान मिलती है।महोत्सव के सफल आयोजन हेतु जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग द्वारा सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।


रिपोर्टर