सुरक्षित बचपन अभियान के अंतर्गत प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल, शिवहर में जागरूकता कार्यक्रम


--------------------


सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित बचपन’ विषय पर साइबर सुरक्षा, बाल अधिकार एवं बाल संरक्षण के प्रति छात्राओं को किया गया जागरूक

--------------------------------

शिवहर ----- राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण), नई दिल्ली के निर्देशानुसार तथा बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पटना के तत्वावधान में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शिवहर संजय अग्रवाल एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शिवहर के निर्देशानुसार सुरक्षित बचपन अभियान के अंतर्गत प्रोजेक्ट गर्ल्स स्कूल, शिवहर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 


कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा बाल शोषण एवं बाल विवाह की रोकथाम के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में साइबर थाना, शिवहर की पुलिस उपाधीक्षक इशानी सिन्हा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए साइबर सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। 


उन्होंने इंटरनेट एवं सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, अनजान व्यक्तियों के साथ व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी एवं साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि डिजिटल दुनिया में सावधानी और जागरूकता बच्चों की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर अधिकार मित्र जितेश कुमार ने छात्राओं को सुरक्षित बचपन अभियान के उद्देश्यों तथा बाल अधिकारों के संबंध में जानकारी दी।


 उन्होंने बाल विवाह, बाल शोषण एवं बच्चों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार की रोकथाम के लिए जागरूकता की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण, शिक्षा, सम्मान एवं संरक्षण पाने का अधिकार है। किसी भी प्रकार की समस्या या असुरक्षा की स्थिति में छात्राओं को चुप रहने के बजाय अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को सूचित करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, बाल संरक्षण तथा अपने कानूनी अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। 


साथ ही, किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि या बाल अधिकारों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित अधिकारियों से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, शिवहर द्वारा अपील की गई कि बाल अधिकारों की रक्षा, बाल शोषण एवं बाल विवाह की रोकथाम तथा साइबर अपराधों से बचाव के लिए समाज के सभी लोग जागरूकता फैलाने में अपनी भूमिका निभाएं। 


बच्चों की सुरक्षा परिवार, विद्यालय, प्रशासन एवं समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार के कोई समस्या, होती है तो कार्यालय सम्पार्क न० 7070092435, नालसा हेल्पीलाइन न0 15100, चाइल्डी लाइन न० 1098 या पुलिस हेल्पालाइन न0 112 पर सूचित करे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट