दुर्गा पूजा व दशहरा को लेकर उप जिला अधिकारी अजय कुमार उपाध्याय ने दिए जरूरी निर्देश

रामपुर (जौनपुर)। थाना परिसर में मंगलवार को दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता उप जिला अधिकारी मड़ियाहूं अजय कुमार उपाध्याय ने की। उन्होंने आयोजकों और क्षेत्रीय लोगों से पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों में प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन किया जाए। पूजा पंडाल, प्रतिमा स्थापना, जुलूस, विद्युत और यातायात व्यवस्था में विशेष सावधानी बरती जाए।

थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने कहा कि दुर्गा प्रतिमा हाईटेंशन तार के नीचे स्थापित न की जाए। पंडाल का निर्माण लोहे के पाइप के बजाय बांस या बल्ली से कराया जाए। उन्होंने आयोजकों से नियमों का पालन करने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। बिजली विभाग के एसडीओ मुरलीधर ने कहा कि हाईटेंशन तार के नीचे प्रतिमा न लगाई जाए। डीजे और अन्य विद्युत उपकरण जनरेटर से चलाए जाएं।

नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद कुमार जायसवाल ने कस्बे की समस्याओं से उप जिला अधिकारी को अवगत कराया। उन्होंने जर्जर बिजली तारों को ठीक कराने, एनएच पर टेढ़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने, नाली के ढक्कन की व्यवस्था कराने और डिग्री कॉलेज के डिवाइडर में कट की समस्या का समाधान कराने की मांग की। बैठक में उपनिरीक्षक देव कुमार चौबे, उपनिरीक्षक पंचरत्न, कांस्टेबल सोनू यादव सहित दुर्गा पूजा समितियों के आयोजक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट