तहसील समाधान दिवस में 78 प्रार्थना पत्र, सात का मौके पर निस्तारण
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Oct 03, 2026
- 19 views
मड़ियाहूं (जौनपुर)। तहसील सभागार में शनिवार को तहसील समाधान दिवस का आयोजन उपजिलाधिकारी अजय कुमार उपाध्याय की अध्यक्षता में हुआ। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 78 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें सात शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
उपजिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का महज औपचारिक निस्तारण न किया जाए, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में विशेष सावधानी बरतने तथा स्पष्ट आख्या के साथ रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। आवश्यकतानुसार जियो-टैग अथवा जियो-टाइप फोटो भी संलग्न करने के निर्देश दिए, ताकि मौके पर किए गए कार्य की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी की जाए।
समाधान दिवस में राजस्व, विकास, नगर पंचायत समेत विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें फरियादियों ने अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर तहसीलदार रवि रंजन कश्यप, नायब तहसीलदार शीतल प्रसाद सिंह, अधिशासी अधिकारी कुंवर गौरव सिंह, खंड विकास अधिकारी अभिनव सरोज, खंड विकास अधिकारी वर्षा बंग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


रिपोर्टर