नल है, जल नहीं - डालमियानगर में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी नल-जल योजना, आक्रोशित हैं लोग
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Sep 27, 2026
- 6 views
संवाददाता पारस नाथ दुबे
डेहरी रोहतास। बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी नल-जल योजना डालमियानगर में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है। स्थिति यह है कि नल तो लगे हैं, लेकिन उनमें जल नहीं है।
स्थानीय लोगों को इस योजना से बहुत बड़ी उम्मीद थी कि घर-घर शुद्ध पेयजल पहुंचेगा, लेकिन हकीकत इसके उलट है। वार्डों में कभी-कभी ही पानी आता है और वह भी कुछ देर के लिए।
लोगों का आरोप है कि बाहरी ठेकेदारों के माध्यम से काम कराया गया था। पाइप लाइन सही ढंग से नहीं बिछाई गई और नलों को भी ठीक से नहीं लगाया गया।
जिसका नतीजा है कि जगह-जगह पाइप फट जा रही है और पीने का पानी सड़कों पर बह रहा है। सड़कें जलमग्न हो जाती हैं, लेकिन घरों में पानी नहीं पहुंचता।
इस योजना में हमेशा कुछ न कुछ खराबी बनी रहती है, जिसके कारण हफ्तों-हफ्तों तक पानी बंद रहता है। लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं।
सबसे बड़ी लापरवाही यह है कि इसकी सुध लेने वाला कोई कर्मचारी या अधिकारी नहीं है। शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं होती।
पानी की किल्लत और अधिकारियों की अनदेखी से जनता में भारी आक्रोश है। लोगों ने जिला प्रशासन से उच्चस्तरीय जांच और योजना को दुरुस्त करने की मांग की है।


रिपोर्टर