पहाड़ के अंदर बनेगी सुरंग, एक्सप्रेसवे का बदलेगा एलाइनमेंट
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Aug 30, 2026
- 26 views
रोहतास। वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेसवे परियोजना को लेकर सासाराम के लिए बड़ी खबर सामने आई है। रोहतास जिले के सासाराम में पहाड़ के अंदर सुरंग बनाने का प्रस्ताव केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को भेजा गया है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद सुरंग निर्माण की दिशा में काम शुरू किया जाएगा। सुरंग बनने से एक्सप्रेसवे की दूरी करीब 15 किलोमीटर कम होने तथा एलाइनमेंट में बदलाव होने की उम्मीद है।करीब 610 किलोमीटर लंबा छह लेन का वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल को जोड़ेगा। बिहार में इसका रूट कैमूर से रोहतास के सासाराम, औरंगाबाद और गया होते हुए आगे झारखंड की ओर जाएगा। झारखंड में चतरा, हजारीबाग, रामगढ़ और बोकारो होते हुए एक्सप्रेसवे पश्चिम बंगाल में प्रवेश कर कोलकाता तक पहुंचेगा।परियोजना के पूरा होने के बाद वाराणसी से कोलकाता के बीच सड़क यात्रा का समय घटकर करीब छह से सात घंटे होने की उम्मीद है। सासाराम में प्रस्तावित सुरंग बनने से पहाड़ी क्षेत्र में मार्ग को छोटा करने के साथ एक्सप्रेसवे के आवागमन को भी सुगम बनाने में मदद मिलेगी।इधर, बिहार में सोन नदी पर करीब 3.5 किलोमीटर लंबे पुल का निर्माण भी परियोजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। एक्सप्रेसवे के निर्माण से बिहार समेत चार राज्यों के बीच तेज और सुगम सड़क संपर्क विकसित होने की उम्मीद है।परियोजना को मार्च 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सासाराम में सुरंग का प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद एक्सप्रेसवे के मौजूदा एलाइनमेंट में महत्वपूर्ण बदलाव होने की संभावना है। इससे रोहतास जिले में बेहतर कनेक्टिविटी के साथ क्षेत्र के आर्थिक और व्यावसायिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।


रिपोर्टर