डीडीसी की अध्यक्षता में सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत बैठक आयोजित


रोहतास।मुख्य सचिव, बिहार के निर्देश के आलोक में उप विकास आयुक्त, रोहतास डॉ० आकांक्षा आनंद की अध्यक्षता में “सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान” के तहत रोहतास जिले में विकासात्मक कार्यों की प्रगति एवं अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।


बैठक में अपर समाहर्ता, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी-सह-जिला पंचायत राज पदाधिकारी, नगर आयुक्त नगर निगम सासाराम, असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, निदेशक लेखा प्रशासन एवं स्वनियोजन, जिला विकास पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला स्वास्थ्य समिति, निदेशक एन०ई०पी०, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आई०सी०डी०एस०, जिला कल्याण पदाधिकारी तथा कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने विभागों से संबंधित सार्वजनिक परिसंपत्तियों के सुदृढ़ीकरण, अनुरक्षण, मरम्मति एवं जनसुविधाओं के उन्नयन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप विभागीय स्तर पर कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।


बताया गया कि “सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान” के अंतर्गत मुख्य रूप से शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण एवं अतिपिछड़ा कल्याण विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, पंचायती राज विभाग तथा नगर विकास एवं आवास विभाग को शामिल किया गया है।


अभियान 17 सितम्बर 2026 से 31 मार्च 2027 तक संचालित किया जाएगा। इसके तहत पूर्व से अवस्थित सार्वजनिक परिसंपत्तियों के उन्नयन, सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मति का कार्य 30 नवम्बर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं, नयी आधारभूत संरचनाओं एवं परिसंपत्तियों के निर्माण से संबंधित कार्यों को 31 मार्च 2027 तक पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है।


बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि दिनांक 17 सितम्बर 2026 को जिले की सभी पंचायतों में योजनाओं के चयन हेतु ग्राम सभा का आयोजन किया जाए। ग्राम सभा के माध्यम से स्थानीय आवश्यकताओं एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता वाली योजनाओं का चयन सुनिश्चित किया जाएगा।


उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को अभियान के अंतर्गत चयनित एवं स्वीकृत कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने तथा कार्यों की प्रगति की सतत निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य उपलब्ध सार्वजनिक परिसंपत्तियों को बेहतर बनाते हुए आमजनों को अधिक सुगम, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी जनसुविधाएं उपलब्ध कराना है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट