शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजगढ़ में आयोजित हुआ नशा मुक्ति, छात्र संवाद एवं सेल्फी विद एसपी
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Aug 06, 2026
- 18 views
राजगढ़ । शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, राजगढ़ में विद्यालय प्रबंधन द्वारा "नशा मुक्ति, छात्र संवाद एवं सेल्फी विद एसपी" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक राजगढ़ अमित तोलानी (भा.पु.से.) मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत विद्यालय प्रबंधन द्वारा मुख्य अतिथियों का पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी ने विद्यार्थियों के बीच पहुँचकर उनसे आत्मीय संवाद स्थापित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को *जीवन में अनुशासन, सकारात्मक सोच, लक्ष्य के प्रति समर्पण, निरंतर परिश्रम तथा नैतिक मूल्यों के महत्व* से अवगत कराया। संवाद के दौरान *विद्यार्थियों ने शिक्षा, करियर, पुलिस सेवा, व्यक्तित्व विकास तथा जीवन से जुड़े अनेक जिज्ञासापूर्ण* प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधीक्षक ने सहज, स्पष्ट एवं प्रेरक शैली में उत्तर देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी *विद्यार्थियों के बीच पहुंचे और उनके साथ आत्मीयता से सेल्फी लेकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन* किया। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देते हुए नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया।उन्होंने कहा कि "युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। यदि विद्यार्थी अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहकर मेहनत, अनुशासन और संस्कारों के साथ आगे बढ़ेंगे तथा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहेंगे, तो वे न केवल अपने परिवार, बल्कि समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।"कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी (भा.पु.से.), भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष श्री के.पी. पंवार, विद्यालय के प्राचार्य महेश कुमार गुप्ता*, विद्यालय का समस्त शिक्षक एवं कर्मचारीगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन द्वारा कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।


रिपोर्टर