शिवहर DLSA का निर्देशः विधिक जागरूकता अभियान पंचायत और गांव स्तर तक सशक्त करें
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 28, 2026
- 8 views
ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट
शिवहर---- जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) ने मंगलवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया। इसका उद्देश्य विधिक जागरूकता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाकर जन-जन तक पहुंचाना था। बैठक की अध्यक्षता DLSA के सचिव सह अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ललन कुमार रजक ने की, जिसमें पैनल अधिवक्ताओं और पारा लीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) ने भाग लिया।
बैठक में आगामी दिनों में विधिक जागरूकता कार्यक्रमों को गांव और पंचायत स्तर तक सशक्त रूप से संचालित करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए सचिव ललन कुमार रजक ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक निःशुल्क विधिक सहायता और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने सभी पैनल अधिवक्ताओं और पीएलवी को कड़ा निर्देश दिया कि वे पंचायत जनप्रतिनिधियों, विकास मित्रों एवं अन्य स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करें। उन्हें गांव-गांव जाकर सघन जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया।
सचिव ने इस बात पर जोर दिया कि सामूहिक प्रयास और बेहतर समन्वय से ही प्राधिकार की योजनाओं को आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। इसके साथ ही, लोगों को उनके मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना भी अत्यंत आवश्यक है, ताकि जरूरतमंदों को समय पर कानूनी सहायता मिल सके।
इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के असिस्टेंट संदीप कुमार, पैनल अधिवक्ता मिथिलेश कुमार, अजय पंडित, जितेंद्र कुमार, अजय कुमार एवं नरेंद्र पटेल उपस्थित रहे। इनके अतिरिक्त, पारा लीगल वॉलंटियर अंकित कुमार, मेनका कुमारी तथा प्राधिकार से जुड़े अन्य सदस्य भी मौजूद थे।


रिपोर्टर