झमाझम बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत, लेकिन खोल दी कुदरा नगर पंचायत की पोल

हल्की बारिश में ही रेलवे अंडरपास और लालापुर में जलजमाव राहगीरों को भारी परेशानी

संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट 

कैमूर------ जिले के कुदरा नगर पंचायत में मंगलवार की शाम हुई झमाझम बारिश ने एक ओर लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी, तो दूसरी ओर नगर पंचायत की पोल भी खोलकर रख दी। महज कुछ देर की बारिश में ही कुदरा रेलवे स्टेशन का अंडरपास और लालापुर इलाका पानी में डूब गया। जलजमाव के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या हर साल दोहराई जाती है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे कुदरा नगर पंचायत क्षेत्र में तेज बारिश शुरू हुई। बारिश ने भीषण उमस और गर्मी से लोगों को राहत जरूर पहुंचाई, लेकिन कुछ ही देर में नगर की कई सड़कों पर पानी भर गया। सबसे अधिक परेशानी कुदरा रेलवे स्टेशन के अंडरपास और लालापुर इलाके में देखने को मिली, जहां बारिश का पानी जमा होने से सड़कें तालाब जैसी नजर आने लगीं अंडरपास में पानी भर जाने के कारण बाइक सवार, टेंपो चालक और अन्य छोटे वाहन चालकों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कई वाहन चालक पानी की गहराई का अंदाजा लगाते हुए धीरे-धीरे आगे बढ़े, जबकि कुछ लोगों ने जोखिम उठाने के बजाय दूसरा रास्ता चुनना ही बेहतर समझा। पैदल चलने वाले लोगों को भी पानी से होकर गुजरना पड़ा, जिससे उन्हें काफी दिक्कत हुई 


लालापुर क्षेत्र की स्थिति भी कुछ अलग नहीं रही। यहां भी सड़क पर जलजमाव होने से लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों ने बताया कि हर वर्ष बरसात शुरू होते ही यही हालात बन जाते हैं। थोड़ी सी बारिश में ही सड़कें पानी से भर जाती हैं और लोगों को घंटों तक परेशानी झेलनी पड़ती है हर साल बारिश में यही समस्या होती है। रेलवे अंडरपास और लालापुर में पानी भर जाता है कई बार बाइक बंद हो जाती है, बच्चों और बुजुर्गों को निकलने में बहुत परेशानी होती है। नगर पंचायत को इसका स्थायी समाधान करना चाहिए नगर पंचायत की ओर से मानसून को लेकर जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त होने के दावे किए गए थे, लेकिन पहली ही अच्छी बारिश में इन दावों की हकीकत सामने आ गई। नालों की सफाई और जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो गया। इससे लोगों में नगर पंचायत की कार्यशैली को लेकर नाराजगी भी देखने को मिली स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नालों की नियमित सफाई, जल निकासी व्यवस्था का विस्तार और अंडरपास में पानी निकासी के लिए स्थायी इंतजाम किए जाएं, तो हर वर्ष होने वाली इस समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है। लोगों ने प्रशासन और नगर पंचायत से जल्द प्रभावी कदम उठाने की मांग की है बारिश ने गर्मी से राहत जरूर दी है, लेकिन साथ ही यह भी दिखा दिया कि कुदरा नगर पंचायत की जल निकासी व्यवस्था अभी भी बड़े सुधार की मांग करती है। यदि समय रहते इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो पूरे मानसून के दौरान आम लोगों को इसी तरह जलजमाव और आवागमन की परेशानी झेलनी पड़ सकती है।


रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट