बिहार स्टेट बार काउंसिल का निर्देश: दो माह के भीतर होगा जिला अधिवक्ता संघ भभुआ-कैमूर का चुनाव
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 28, 2026
- 11 views
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कैमूर---- 28 जुलाई 2026। बिहार स्टेट बार काउंसिल, पटना ने जिला अधिवक्ता संघ भभुआं-कैमूर के चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है। बार काउंसिल ने संघ के अध्यक्ष एवं महासचिव को आदेश दिया है कि आगामी दो महीने के भीतर जिला अधिवक्ता संघ का चुनाव संपन्न कराया जाए।
यह जानकारी जिला अधिवक्ता संघ भभुआं-कैमूर के पूर्व महासचिव मंटू पाण्डेय ने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी। उन्होंने बताया कि बिहार स्टेट बार काउंसिल की कार्यकारिणी समिति की बैठक 19 जुलाई 2026 को आयोजित की गई थी, जिसमें बिहार के 44 जिला एवं अनुमंडल अधिवक्ता संघों के चुनाव कराए जाने पर निर्णय लिया गया।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में बिहार स्टेट बार काउंसिल के सचिव फूलचंद द्विवेदी के हस्ताक्षर से पत्र संख्या-1794/2026, दिनांक 23 जुलाई 2026 जारी किया गया है। पत्र में जिला अधिवक्ता संघ भभुआ-कैमूर के अध्यक्ष एवं महासचिव को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि दो महीने के भीतर संघ का चुनाव कराया जाए।
मंटू पाण्डेय ने कहा कि मॉडल रूल्स के अनुसार जिला अधिवक्ता संघ भभुआ-कैमूर का चुनाव 16 अप्रैल 2026 तक संपन्न हो जाना चाहिए था, लेकिन वर्तमान कार्यकारिणी द्वारा निर्धारित समय पर चुनाव नहीं कराया गया। अब बार काउंसिल के ताजा आदेश के बाद चुनाव कराना अनिवार्य हो गया है।
उन्होंने कहा कि बार काउंसिल के निर्देशों का पालन करते हुए वर्तमान कार्यकारिणी को आम सभा बुलाकर चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करनी चाहिए तथा आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर दो महीने के भीतर निष्पक्ष एवं लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव संपन्न कराना चाहिए।
पूर्व महासचिव ने यह भी कहा कि समय पर चुनाव कराना अधिवक्ता संघ की लोकतांत्रिक व्यवस्था और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आवश्यक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वर्तमान कमेटी बार काउंसिल के निर्देशों का सम्मान करते हुए शीघ्र चुनावी प्रक्रिया शुरू करेगी, ताकि अधिवक्ताओं को नई निर्वाचित कार्यकारिणी मिल सके।
बार काउंसिल के इस आदेश के बाद जिला अधिवक्ता संघ भभुआ-कैमूर में चुनावी गतिविधियां तेज होने की संभावना है। अधिवक्ताओं के बीच भी आगामी चुनाव को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं और अब सभी की नजर वर्तमान कार्यकारिणी की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।


रिपोर्टर