जिगनी पुल के पास अर्टिगा से 257 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, वाहन मालिक समेत दो गिरफ्तार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 26, 2026
- 64 views
ब्यूरो चीफ संदीप कुमार की रिपोर्ट
कैमूर -- पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जिगनी पुल के समीप एक अर्टिगा कार से 257.185 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस दौरान वाहन मालिक सह शराब कारोबारी और चालक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से दो स्मार्ट फोन, ₹35,400 नकद तथा शराब से लदी अर्टिगा कार (BR-01HG-5208) भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई की रात करीब एक बजे गुप्त सूचना मिली कि दुर्गावती की ओर से अर्टिगा कार में शराब की खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर भभुआ थाना के थानाध्यक्ष मुकेश कुमार के नेतृत्व में गठित छापेमारी दल ने जिगनी पुल के पास सघन वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध अर्टिगा कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान कार से विभिन्न ब्रांड की 604 बोतल अंग्रेजी शराब, जिसकी कुल मात्रा 257.185 लीटर है, बरामद हुई।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि बरामद शराब उत्तर प्रदेश से खरीदकर पटना जिले के पालीगंज में बिक्री के लिए ले जाई जा रही थी। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पिपरदाहा बंगला, थाना पालीगंज, जिला पटना निवासी प्रवीण कुमार (वाहन मालिक सह शराब कारोबारी) तथा राहुल कुमार (वाहन चालक) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक नवीन कुमार, परिचारी पुलिस अवर निरीक्षक प्रदीप कुमार, सिपाही अनुभव अनुराग, कुलदीप कुमार तथा महिला सिपाही रीमा कुमारी शामिल थीं।


रिपोर्टर