आरपीएफ डेहरी ऑन सोन ने ट्रेन में मोबाइल चोरी करने वाले शातिर को दबोचा, 2 मोबाइल बरामद


संवाददाता पारसनाथ दुबे


डेहरी ऑन सोन। रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट डेहरी ऑन सोन ने आज दिनांक 17 जुलाई 2026 को स्टेशन परिसर से ट्रेनों में यात्रियों का मोबाइल चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी के 2 मोबाइल बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 25 हजार रुपये बताई जा रही है।


प्रभारी निरीक्षक राज किशोर कच्छवाहा के निर्देशन में ASI मनोज कुमार चौधरी, प्रधान आरक्षी राम विलास और आरक्षी उमेश कुमार सिंह स्टेशन क्षेत्र में गस्त, चेकिंग और आपराधिक गतिविधियों पर निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान प्लेटफार्म संख्या 02/03 के पश्चिमी फुट ओवर ब्रिज की सीढ़ी के पास एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूमता मिला।


तलाशी लेने पर उसके पास से 2 मोबाइल बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बबलू पासवान बताया। उम्र करीब 35 वर्ष, पिता स्व. बजरंगी पासवान, निवासी शाहपुर, थाना चैनपुर, जिला पलामू, झारखंड। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने दोनों मोबाइल ट्रेन में यात्रा कर रहे यात्रियों से चोरी किए हैं।


आरपीएफ ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को दोनों मोबाइल के साथ अग्रिम कार्रवाई के लिए रेल थाना डेहरी ऑन सोन को सुपुर्द कर दिया। रेल थाना में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


आरपीएफ की इस कार्रवाई से स्टेशन पर यात्रियों में सुरक्षा का भाव बढ़ा है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट