डेहरी में मोटर वाहन क्लेम ट्रिब्यूनल व अपर समाहर्ता कार्यालय के स्थानांतरण की मांग, अधिवक्ता ने समाहर्ता को लिखा पत्र
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 17, 2026
- 4 views
संवाददाता पारस नाथ दुबे
डेहरी रोहतास।डेहरी अनुमंडल परिसर में खाली पड़े जवाहर न्यायालय भवन में मोटर वाहन दुर्घटना क्लेम ट्रिब्यूनल एवं अपर समाहर्ता के न्यायालय को स्थानांतरित करने की मांग जोर पकड़ रही है। इस संबंध में डेहरी विधिज्ञ संघ के पूर्व अध्यक्ष अधिवक्ता उमाशंकर पाण्डेय उर्फ मुटुर पाण्डेय ने रोहतास के समाहर्ता महोदय को पत्र लिखकर जनहित में शीघ्र स्थानांतरण की मांग की है।
पत्रांक 91/2026 दिनांक 17.07.2026 के माध्यम से अधिवक्ता पाण्डेय ने कहा है कि जनवरी माह में जवाहर न्यायालय, डेहरी नवनिर्मित भवन में स्थानांतरित हो चुका है। इसके बाद डेहरी अनुग्रण्डल परिसर स्थित पुराना जवाहर न्यायालय भवन पूरी तरह खाली पड़ा है।
वहीं वर्तमान में मोटर वाहन दुर्घटना क्लेम ट्रिब्यूनल एवं अपर समाहर्ता का न्यायालय डलमियानगर स्थित जर्जर भवन में संचालित हो रहा है। यह कार्यालय डेहरी जवाहर न्यायालय से करीब 4 किलोमीटर की दूरी पर है।
अधिवक्ता ने पत्र में उल्लेख किया कि वादकारियों, अधिवक्ताओं और आम जनता को प्रतिदिन डेहरी बाजार एवं डलमियानगर बाजार के भीषण जाम से गुजरकर डलमियानगर आना-जाना पड़ता है। वहां पार्किंग सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने तर्क दिया कि यदि डेहरी अनुग्रण्डल परिसर में खाली पड़े न्यायालय भवन में इन दोनों न्यायालयों को स्थानांतरित कर दिया जाए तो एक ही स्थान पर सभी न्यायिक सुविधाएं उपलब्ध हो जाएंगी। इससे न केवल अधिवक्ताओं और वादकारियों को सहूलियत होगी, बल्कि मामलों के त्वरित निष्पादन में भी काफी सहयोग मिलेगा।
अधिवक्ता पाण्डेय ने समाहर्ता से आग्रह किया है कि जनहित, अधिवक्ता हित और मानवीय दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए मोटर वाहन दुर्घटना क्लेम ट्रिब्यूनल एवं अपर समाहर्ता के न्यायालय को डेहरी अनुग्रण्डल कार्यालय परिसर स्थित खाली पड़े न्यायालय भवन में अविलंब स्थानांतरित करने की कृपा की जाए।


रिपोर्टर