मुख्य सचिव ने विडियो कांफ्रेंसिंग से डिजिटल अरेस्ट एवं साइबर क्राइम पर डीएम एसपी के साथ समीक्षा बैठक किए
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 17, 2026
- 5 views
रोहतास । शुक्रवार को मुख्य सचिव, बिहार सरकार एवं पुलिस महानिदेशक की संयुक्त अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से साइबर अपराध एवं डिजिटल अरेस्ट जैसे बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य के सभी जिलों के जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) सहित अन्य संबंधित पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए आधुनिक तकनीक एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक ने निर्देश दिया कि Samanvay Portal, National Cyber Crime Reporting Portal (NCRP), Pratibimb Portal तथा CIAR Portal पर साइबर अपराध से संबंधित सूचनाओं एवं मामलों की डेटा अपलोडिंग, लाइव ट्रैकिंग, त्वरित समन्वय तथा समयबद्ध अनुपालन में और तेजी लाई जाए, ताकि साइबर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में यह भी कहा गया कि साइबर अपराधियों के बदलते तौर-तरीकों को देखते हुए सभी जिलों को तकनीकी रूप से अधिक सक्षम एवं सतर्क रहना होगा। विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर साइबर अपराधों की जांच, अपराधियों की पहचान तथा उनकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
रोहतास समाहरणालय से जिला पदाधिकारी श्री दीपक कुमार मिश्र एवं पुलिस अधीक्षक श्री रौशन कुमार ने बैठक में भाग लिया। बैठक के दौरान दोनों अधिकारियों ने जिले में साइबर अपराध नियंत्रण की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की तथा राज्य सरकार द्वारा दिए गए निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक, ओटीपी, बैंकिंग जानकारी अथवा तथाकथित डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर धोखाधड़ी के प्रयासों से सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित पुलिस अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 एवं NCRP पोर्टल पर दर्ज कराएं। साइबर अपराधों की रोकथाम में जनसहभागिता एवं जागरूकता को सबसे प्रभावी माध्यम बताया गया।


रिपोर्टर