विशेष फोर्ट्रेस टिकट चेकिंग अभियान में साढ़े आठ लाख रुपए जुर्माना वसूला
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jul 17, 2026
- 5 views
रोहतास---- पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल ने बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण के लिए 15 एवं 16 जुलाई 2026 को विशेष टिकट जांच अभियान चलाया। दो दिनों तक चले इस व्यापक अभियान में डीडीयू जंक्शन, गया, डेहरी ऑन सोन, सासाराम स्टेशन तथा डेहरी ऑन सोन–जपला रेलखंड पर सघन जांच की गई। अभियान के दौरान कुल 1,058 यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ₹8,41,885 का जुर्माना वसूला गया।
स्टेशनों और ट्रेनों में संयुक्त टीमों ने की सघन जांच
15 जुलाई को डीडीयू जंक्शन, गया, डेहरी ऑन सोन एवं सासाराम स्टेशनों पर एक साथ फोर्ट्रेस टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। वाणिज्य विभाग, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) तथा राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की संयुक्त टीमों ने प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, प्रवेश एवं निकास द्वारों के साथ-साथ विभिन्न ट्रेनों में भी व्यापक जांच की। इस कार्रवाई में 867 यात्री बिना टिकट अथवा बिना वैध यात्रा प्राधिकार के यात्रा करते पाए गए, जिनसे ₹7,35,220 का जुर्माना वसूला गया।
डेहरी ऑन सोन–जपला रेलखंड में भी चला विशेष अभियान
16 जुलाई को डेहरी ऑन सोन–जपला रेलखंड में भी विशेष टिकट जांच अभियान संचालित किया गया। विभिन्न स्टेशनों एवं ट्रेनों में की गई जांच के दौरान 191 यात्री बिना टिकट अथवा बिना उचित यात्रा प्राधिकार के पाए गए। इनसे ₹1,06,665 का जुर्माना वसूला गया।
दो दिनों में 1,058 मामलों में कार्रवाई, ₹8.41 लाख की वसूली
दोनों दिनों के अभियानों को मिलाकर रेलवे ने कुल 1,058 मामलों में कार्रवाई की और ₹8,41,885 का जुर्माना वसूला। अभियान का उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा यात्रियों में वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
रेल प्रशासन की अपील: वैध टिकट लेकर ही करें यात्रा
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे टिकट काउंटर, रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, RailOne मोबाइल ऐप अथवा ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) के माध्यम से वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि बिना टिकट यात्रा करना रेलवे अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है, इसलिए सभी यात्री नियमों का पालन करते हुए वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें।


रिपोर्टर