भारी बारिश और ऑरेंज अलर्ट के चलते ठाणे जिले के सभी स्कूल-कॉलेज 7 जुलाई को भी रहेंगे बंद

कल्याण । भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) द्वारा ठाणे जिले में 7 जुलाई के लिए तेज हवाओं के साथ भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी तथा ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. श्रीकृष्ण पांचाल ने जिले के सभी आंगनवाड़ी, प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च माध्यमिक विद्यालयों तथा सभी महाविद्यालयों में 7 जुलाई 2026 को अवकाश घोषित करने का आदेश जारी किया है।

जिला प्रशासन के अनुसार, पिछले तीन दिनों से जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव, पेड़ गिरने और यातायात बाधित होने जैसी स्थितियां उत्पन्न हुई हैं। संभावित आपदा की आशंका को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। यह आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005, स्कूल शिक्षा एवं खेल विभाग के संबंधित परिपत्र तथा भारत मौसम विज्ञान विभाग की पूर्व चेतावनी के आधार पर जारी किया गया है। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों और शैक्षणिक संस्थानों को आदेश का तत्काल पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट