सेवानिवृत्त होने पर लेखापाल मंजुलता जोशी को दी गई भावभीनी विदाई
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Jul 01, 2026
- 319 views
तलेन । शासकीय सेवा में 26 वर्षों तक समर्पण, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ सेवाएँ प्रदान करने के उपरांत वरिष्ठ लेखापाल श्रीमती मंजुलता जोशी, धर्मपत्नी वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व प्रधानाध्यापक श्री ओमप्रकाश जोशी, का सेवानिवृत्ति समारोह भावपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में भावभीनी विदाई दी गई ।समारोह में विभागीय अधिकारियों, सहकर्मियों, जनप्रतिनिधियों, परिजनों एवं शुभचिंतकों ने श्रीमती जोशी की उत्कृष्ट सेवाओं की सराहना करते हुए पुष्पहार, शॉल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपने संपूर्ण सेवाकाल में अनुशासन, सरलता, संवेदनशीलता एवं कर्मनिष्ठा का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए अनुकरणीय रहेगा। शासकीय महकमे में श्रीमती जोशी अपने स्नेहपूर्ण व्यवहार, मार्गदर्शन और सहयोगी स्वभाव के कारण "गुरु माँ" के रूप में भी सम्मानपूर्वक जानी जाती थीं।
शासकीय हाई स्कूल तलेन में आयोजित सम्मान समारोह के उपरांत सहभोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संकुल प्राचार्य श्री अशोक कुमार पाटीदार ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने श्रीमती जोशी के व्यक्तित्व एवं 26 वर्षों के समर्पित सेवाकाल पर प्रकाश डालते हुए उनके अनुकरणीय कार्यों की सराहना की। विद्यालय की प्राचार्य उजमा सुल्ताना मैडम कार्यक्रम की विशेष अतिथि रहीं।
इस अवसर पर श्री शैलेंद्र कुमार तिवारी, श्री नंदकिशोर यादव, नजीर हुसैन अंसारी सर एवं श्रीमती स्वाति डांगरा गणपत मालवीय सहित अनेक वक्ताओं ने श्रीमती जोशी के व्यक्तित्व, कार्यशैली एवं सेवाकाल पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन श्री रामचंद जाटव ने किया। समारोह के उपरांत श्रीमती जोशी के स्वनिवास पर परिवार की ओर से समस्त अतिथियों एवं विद्यालय स्टाफ का आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया। सभी अतिथियों को आभार-पत्र भेंट कर सम्मानपूर्वक धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
इस अवसर पर श्रीमती जोशी के परिवार के श्री ओमप्रकाश जोशी, डॉ. राजेंद्र प्रसाद जोशी, श्री मृत्युंजय जोशी (व्याख्याता, अंग्रेजी) एवं श्री कपिल कुमार जोशी सहित परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में क्षेत्रभर से आए सैकड़ों लोकसेवकों, शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं शुभचिंतकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। उपस्थित जनों ने श्रीमती मंजुलता जोशी के स्वस्थ, सुखद, सक्रिय एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।


रिपोर्टर