मंडल कारा का जिला सत्र न्यायाधीश ने किया निरीक्षण
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jun 19, 2026
- 5 views
रोहतास ।जिले के मंडल कारा सासाराम में बंदियों के सुधार, शिक्षा और कौशल विकास को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में त्रैमासिक निरीक्षण कार्यक्रम के तहत जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनुज कुमार जैन के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने मंडल कारा का निरीक्षण किया। इस दौरान बंदियों को उपलब्ध सुविधाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और सुधारात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई।
त्रैमासिक निरीक्षण कार्यक्रम के तहत जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनुज कुमार जैन के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम मंडल कारा सासाराम पहुंची। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त विजय कुमार पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। टीम ने जेल अस्पताल, महिला वार्ड, रसोईघर, वृद्ध वार्ड, तरुण वार्ड तथा सजावार बंदियों के वार्ड का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विभिन्न वार्डों में जाकर बंदियों से बातचीत की और उनकी समस्याओं व सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के बाद जेल अधीक्षक सुजीत कुमार राय ने बताया कि जिला जज ने संबंधित विभागों को बंदियों के व्यक्तित्व विकास और भविष्य निर्माण के लिए अधिक से अधिक रचनात्मक गतिविधियां संचालित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि जेल केवल दंड का स्थान नहीं, बल्कि सुधार और पुनर्वास का केंद्र भी है। इसी उद्देश्य से बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
जेल अधीक्षक ने बताया कि पिछले तीन महीनों के दौरान बंदियों को वर्मी कंपोस्ट निर्माण, टेलरिंग और लघु उद्योग से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया है। इसके अलावा 40 बंदियों को कंप्यूटर शिक्षा उपलब्ध कराई गई है, जबकि 220 बंदियों को साक्षरता अभियान के तहत पढ़ाया गया है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य बंदियों को रिहाई के बाद सम्मानजनक जीवन और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
प्रशासन का कहना है कि मंडल कारा सासाराम को एक आदर्श सुधारात्मक संस्थान के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। लक्ष्य है कि यह जेल आने वाले समय में बिहार की सर्वश्रेष्ठ जेलों में अपनी पहचान स्थापित करे।


रिपोर्टर