नयगांव पश्चिम में बाल संरक्षण की अलख, बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा हेतु ग्राम स्तरीय समिति की हुई बैठक
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jun 05, 2026
- 22 views
ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट
शिवहर ----- जिले के डुमरी कटसरी प्रखंड अंतर्गत नयगांव पश्चिम पंचायत में गाँव स्तरीय बाल कल्याण एवं बाल संरक्षण समिति की बैठक का आयोजन बिहार ग्राम विकास परिषद एवं जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के सहयोग से किया गया।
इस अवसर पर आयोजित जागरूकता शिविर के माध्यम से लोगों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जुड़कर लाभ प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि समाज के वंचित एवं हाशिए पर जीवन यापन कर रहे बच्चों, किशोरियों और उनके परिवारों के समग्र विकास के लिए शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। समिति बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, बाल संरक्षण, बाल श्रम उन्मूलन, बाल विवाह रोकथाम, बाल तस्करी से बचाव तथा गुमशुदा बच्चों की खोज जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सक्रिय रूप से कार्य करेगी।
कार्यक्रम के दौरान समिति के सदस्यों एवं उपस्थित ग्रामीणों ने बच्चों के अधिकारों की रक्षा तथा सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक शपथ भी ली।
इस अवसर पर बिहार ग्राम विकास परिषद के जिला समन्वयक अनिल कुमार ने कहा कि संस्था बाल अधिकारों, लैंगिक समानता, बाल श्रम उन्मूलन, बाल विवाह रोकथाम और शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, सम्मानजनक और समान अवसरों वाला वातावरण उपलब्ध कराना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है।
बैठक में ग्रामीणों, अभिभावकों, समिति सदस्यों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया तथा बच्चों के हित में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।


रिपोर्टर