एनसीसी से सेना तक: 27 युवाओं ने हासिल किया अग्निवीर बनने का सपना

कर्नल पंकज कुमार के मार्गदर्शन में एनसीसी कैडेटों ने रचा इतिहास, सेना में चयन पर बधाइयों का तांता

ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट 

गयाजी--- 6 बिहार एनसीसी बटालियन ने इस वर्ष भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल पंकज कुमार (कीर्ति चक्र) के प्रेरणादायी नेतृत्व और मार्गदर्शन के परिणामस्वरूप एनसीसी कैडेटों का रिकॉर्ड संख्या में चयन भारतीय सेना में हुआ है।

बताया गया कि बटालियन के अंतर्गत आने वाले स्कूलों और कॉलेजों के कुल 27 एनसीसी कैडेटों का अग्निवीर के रूप में भारतीय सेना में चयन हुआ है। यह उपलब्धि न केवल 6 बिहार एनसीसी बटालियन के लिए, बल्कि पूरे बिहार के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है।

कर्नल पंकज कुमार ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यह सफलता कैडेटों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। एनसीसी का उद्देश्य युवाओं को सही दिशा प्रदान करना और उनमें राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना में शामिल होकर देश की सेवा करना युवाओं के लिए गौरव की बात है।

उन्होंने चयनित सभी कैडेटों और उनके परिवारों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कर्नल पंकज कुमार ने कहा कि एनसीसी युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और देशभक्ति की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है।

बटालियन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ए.एम. कॉलेज, गया से 9 कैडेट, गया कॉलेज से 7 कैडेट, एमएसवाई से 5 कैडेट, एसएमसी कॉलेज से 5 कैडेट तथा रफीगंज से 1 कैडेट का चयन हुआ है।

एनसीसी अधिकारियों ने इसे बटालियन के इतिहास की एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह सफलता आने वाले वर्षों में अन्य कैडेटों को भी सेना में जाने के लिए प्रेरित करेगी। चयनित कैडेटों की इस सफलता पर बटालियन के सभी अधिकारियों, प्रशिक्षकों और शिक्षण संस्थानों में हर्ष का माहौल है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट